भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने उन मुख्य चुनौतियों के बारे में बताया है, जिनका सामना न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय फील्डर्स को करना पड़ सकता है। श्रीधर ने कहा कि न्यूजीलैंड में काफी ठंड होगी, जिससे भारतीय फील्डर्स के लिए काम थोड़ा मुश्किल हो सकता है।
हाल के समय में फील्डिंग के दौरान भारतीय टीम को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा है, और इस अहम दौरे पर खिलाड़ी निश्चित रूप से अपने खेल को बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे। पिछले एक साल में टीम इंडिया ने ज्यादातर गर्म और उमस भरे माहौल (उपमहाद्वीप की परिस्थितियों) में खेला है, इसलिए न्यूजीलैंड का दौरा भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक अलग तरह की चुनौती होगी।
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा आयोजित एक मीडिया बातचीत में R श्रीधर ने कहा, “न्यूजीलैंड में रात के मैचों के दौरान काफी ठंड होगी, और खिलाड़ियों को इससे निपटना होगा। जब ठंड बढ़ जाती है और आप दूसरी पारी में फील्डिंग कर रहे होते हैं, तो अक्सर खिलाड़ी अपने हाथ जेब के अंदर रखते हैं। भारतीय खिलाड़ियों को इस स्थिति के हिसाब से खुद को ढालना होगा। दुर्भाग्य से, भारत में आप ऐसी परिस्थितियों का अभ्यास नहीं कर सकते। न्यूजीलैंड जाने के बाद ही आपको ऐसी स्थितियां मिलेंगी।”
उन्होंने आगे कहा, “तापमान काफी कम होगा, इसलिए आपको अलग-अलग तरह की गेंदों के साथ अभ्यास करना होगा, या फिर अलग तरह के लाइटिंग सेटअप के साथ काम करना होगा। जाहिर है, न्यूजीलैंड में स्थितियां बिल्कुल अलग होंगी, लेकिन मुझे लगता है कि हमारे खिलाड़ियों को काफी अनुभव है। उनमें से कुछ पहली बार वहां जा रहे हैं, इसलिए वे धीरे-धीरे ढल जाएंगे।”
श्रीधर ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को ‘हाई कैचिंग’ (ऊंची गेंदों को पकड़ने) का अभ्यास करना चाहिए, और इसमें उन्हें कोई बड़ी दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
श्रीधर ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “हमारे फील्डिंग कोच के लिए सबसे जरूरी काम यह होगा कि वे खिलाड़ियों को ऊंची गेंदों को पकड़ने का भरपूर अभ्यास कराएं, क्योंकि न्यूजीलैंड के कुछ मैदानों पर यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हालांकि, न्यूजीलैंड में ऑस्ट्रेलिया की तुलना में रोशनी उतनी तेज नहीं होती, इसलिए यह कोई बहुत बड़ी चिंता की बात नहीं है।”
न्यूजीलैंड दौरे पर भारत पांच वनडे, पांच T20I और दो टेस्ट मैच खेलेगा।
